कलियर में अघोषित बिजली कटौती से 25 हजार लोग परेशान
रुड़की। पिरान कलियर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से करीब 25 हजार लोगों ने मंगलवार को दिक्कत झेली। बिजली कटौती से जहां लोग गर्मी से बेहाल रहे, वहीं उन्हें पानी की समस्या से भी दो-चार होना पड़ा। लगातार घंटों बिजली कटौती से लोगों में ऊर्जा निगम के प्रति रोष है।
कलियर क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस के चलते आए दिन हो रही बिजली ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती होन से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के गाव बाजूहेड़ी, मेहवड़ कलां, मोहम्मदपुर पांडा, मेहवड़ खुर्द, बेलड़ा, बेलड़ी, ढंडेडी, भारापुर, भोरी समेत कई गांवों में बार-बार हो रही बिजली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती के चलते किसानों और लोगों को गर्मी व उमस के कारण भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र के किसान मोनू, प्रमोद, सतपाल, तेजपाल, देशराज, पवन, जुगेंद्र, महेंद्र, राजपाल, रवि, अरविंद, सुखपाल, रामपाल, धूम सिंह, कल्लू, अर्जुन, अरविंद, जगपाल आदि का कहना है कि बार-बार हो रही बिजली ट्रिपिंग व अघोषित बिजली कटौती के कारण जहां कई गांवों के 25 हजार लोग परेशान हैं वहीं गन्ना, मक्का, सब्जियों समेत अन्य फसलों की सिंचाई करने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। जिसके कारण किसानों में विद्युत विभाग के प्रति भारी रोष है। किसानों का कहना है अगर जल्द इसमें सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र के किसान विभाग के अधिकारियों से मिलकर इस समस्या का समाधान कराने की मांग करेंगे।
