स्वर्ण विजेता निवेदिता का ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

विकासनगर। जॉर्डन में आयोजित यूथ एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर पछुवादून लौटी बॉक्सर निवेदिता कार्की का रविवार को भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत में ग्रामीणों ने शिमला बाईपास क्षेत्र में जुलूस निकाला।
पछुवादून के भुड्डी निवासी निवेदिता ने एक से पंद्रह मार्च तक जॉर्डन में संपन्न हुई एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। 48 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिता में उन्होंने दुनिया भर के खिलाड़ियों को पटखनी देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक जीत कर शनिवार देर शाम भुड्डी स्थित अपने घर पहुंचने के बाद रविवार को स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत जुलूस उनके आवास से शुरू होकर शक्ति विहार, झीवरहेड़ी, रघुनाथपुर, कारबारी ग्रांट से गणेशपुर पहुंचा, जहां उन्होंने शहीद गजेंद्र बिष्ट की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। पूरे रास्ते में ग्रामीणों और बच्चों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। इस दौरान नारायण सिंह ठाकुर, सुधीर पाठक, बीएस मल्ल, अमर बहादुर शाही, जितेंद्र सिंह बुटोइया, डा. शिवा अली, बहादुर सिंह कार्की, पुष्पा कार्की, समीर, जाहिद हुसैन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *