पांच साल बाद जाखणीलानी में मनेगा बिस्सू

विकासनगर। जौनसार-बावर के शिलगांव खत जाखणीलानी कथियान में पांच साल बाद बिस्सू मेला लगेगा। शिलगांव के ग्रामीणों की रविवार को छजाड़ में संपन्न हुई पंचायत में यह निर्णय लिया गया। पांच साल के इंतजार के बार जाखणीलानी में लगने वाले बिस्सू मेले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों ने बिस्सू को भव्य तरीके से मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जौनसार-बावर के शिलगांव खत में बिस्सू की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बिस्सू मेले के दिन ग्रामीण अपने-अपने गांव से हाथों में बुरांश के फूल लेकर गाजे-बाजे के साथ नाचते-गाते मेला स्थल पहुंचते हैं। मेला स्थल पर सभी लोगों के एकत्र होने के बाद पुरुष और महिलाएं हारुल गीत पर तांदी नृत्य की प्रस्तुति देते हैं। बिस्सू में टोली में बंटे ग्रामीणों के एक दूसरे पर तीर-कमान से ठोड़ा नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहती है। इस पारंपरिक ठोड़ा नृत्य देखने को दूरदराज क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग मेला स्थल आते हैं। छजाड़ में आयोजित शिलगांव क्षेत्र के भटाड़, छजाड़, डांगूठा, ऐठान, डिरनाड़, पटियूड़ व भूनाड़ समेत सात गांवों के ग्रामीणों की पंचायत ने पांच साल बाद बिस्सू मेला मनाने का निर्णय लिया है। पंचायत की अध्यक्षता कर रहे खत स्याणा महेंद्र सिंह चौहान ने ग्रामीणों को बताया कि जाखणीलानी का बिस्सू जौनसार बावर के साथ ही टिहरी, उत्तरकाशी और हिमाचल प्रदेश में भी काफी प्रसिद्ध है। इस मेले में बावर, देवघार, बंगाण, रवांई, जौनपुर और हिमाचल प्रदेश से नामी ढोठरी पहुंचते हैं। बैठक में रमेश चंद्र चौहान, फतेह सिंह सयाना, मनेश सयाना, रविंद्र सिंह सयाना, हरक सिंह, मदन चंद्र डोभाल, अर्जुन सिंह, यशपाल, नेपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह, महावीर सिंह, जगत सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *