गढ़वाल विवि : शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में आई तेजी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि में शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया तेजी पर है। विवि में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के 223 पदों पर होने वाली इस भर्ती के लिए आए आवेदनों की स्क्रीनिंग शुरू हो गई है। जल्द ही स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
गढ़वाल केंद्रीय विवि के करीब 40 से अधिक विभागों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए गत वर्ष नवंबर में आवेदन मांगे गए थे। इनके लिए बड़ी संख्या में आवेदकों ने आवेदन किया है। 223 पदों के लिए करीब साढ़े छह हजार आवेदन विवि को मिले हैं। वर्तमान में इन आवेदनों की स्क्रीनिंग जोरों पर हैं। विवि का जल्द से जल्द स्क्रीनिंग कर साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास है। विवि के उप कुलसचिव प्रशासन डॉ. संजय ध्यानी का कहना है कि कुलपति के दिशा-निर्देशन में नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जो आवेदन आए हैं उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है। जल्द साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।
कर्मचारियों के 150 पदों पर भी होनी है भर्ती
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि नॉन टीचिंग के करीब 150 पद भी रिक्त हैं। विवि की ओर से इन पदों को भरने की प्रक्रिया भी गतिमान है। जल्द ही इन पदों पर भी आवेदन आने की उम्मीद है। विवि में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती का बेरोजगार युवाओं को भी बेसब्री से इंतजार है।
