अतिक्रमण हटवाने की एसडीएम से मांग

उरई

गांव में आम रास्तों के साथ ही ग्राम पंचायत की जगह पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम खर्रा के प्रधान मनोज कुमार एवं बीडीसी प्रतिनिधि बलवान सिंह के नेतृत्व में गांव के मंगल सिंह, कृष्णा पटेल, जितेंद्र कुमार, संजीव कुमार, देवेंद्र सिंह, अमरेश कुमार, सरदार सिंह, विनोद, दीपक, अशोक कुमार आदि ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके गांव में कुछ लोग अवैध रूप से अतिक्रमण किए हुए हैं। गांव के रास्तों पर खूंटे बांधकर जानवर बांधते हैं जो वहां गंदगी फैलाते हैं। इसके अलावा खलिहान की जगह, खेल के मैदान, परती की जमीन आदि पर भी अवैध अतिक्रमण किए हैं। रास्तों पर अतिक्रमण होने से खेती किसानी के लिए ट्रैक्टर आदि ले जाने में दिक्कत होती है। वहीं ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्हें अतिक्रमण हटाने के लिए कहा जाता है तो अतिक्रमणकारी गाली, गलौज करते हुए झगड़ा फसाद पर आमादा हो जाते हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर अतिक्रमण् हटवाने एवं अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *