कुमाऊं विवि और एसएसजे विवि में सृजित पदों का बंटवारा हुआ

नैनीताल

कुमाऊं विवि नैनीताल तथा एसएसजे विवि अल्मोड़ा में पूर्व में सृजित पदों पर बंटवारा हो गया है। शुक्रवार को देर शाम तक चली कुविवि मुख्यालय में दोनों विश्वविद्यालयों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक में सर्व सम्मिति से यह निर्णय लिया गया। बता दें कि सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा पूर्व में कुमाऊं विवि का ही एक परिसर था, लेकिन शासन की ओर से बीते वर्ष आवासीय विवि का एसएसजे परिसर में विलय करते हुए सोबन सिंह जीना विवि का गठन कर दिया। नए विवि के गठन के बाद एसएसजे परिसर सहित अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के सभी महाविद्यालय कुमाऊं विवि से अलग कर नए विवि से संबद्ध कर दिए गए। शुक्रवार को देर शाम तक चली बैठक में निर्णय लिया गया कि एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के लिए सृजित शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर पदों को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा को शासनादेश सहित विधिवत हस्तांतरित किया जाता है। तय किया गया कि इसके बाद जिस विश्वविद्यालय के सापेक्ष जो पद सृजित हैं, उन पदों पर कार्यरत कार्मिकों पर समस्त प्रशासनिक नियंत्रण संबंधित विवि का रहेगा। कुविवि के कुल सचिव दिनेश चंद्रा ने कहा कि दोनों विवि आगे भी आपसी समन्वय से लोगों की अपेक्षा के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर पहाड़ के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर निदेशक डीएसबी परिसर नैनीताल प्रो. एलएम जोशी, कुलसचिव एसएसजे विवि डॉ. बिपिन चंद्र जोशी, निदेशक एसएसजे विवि प्रो. जगत सिंह बिष्ट, वित्त नियंत्रक कुविवि एलआर आर्या, उप कुलसचिव कुविवि दुर्गेश डिमरी, नीरज साह, जेएस मेहरा, पार्वती आर्या आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *