प्रदेश और केंद्र में भाजपा की जुमलेबाज सरकार: प्रीतम
विकासनगर। विधान सभा चुनाव नजदीक आते ही इन दिनों राजनैतिक दल जनता को अपने पाले में जोड़ने में लगे हुए हैं। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि जनता से संवाद कर उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने खत शैली के ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान करीब तीस ग्रामीणों के कांग्रेस की सदस्यता लेने का दावा किया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पांच साल के कार्यकाल के दौरान जनता को ठगा है। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की जुमलेबाज सरकार है। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने सबके खातों में पंद्रह लाख रुपश्क देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी को पंद्रह रुपये नहीं मिले। जबकि महंगाई ने गरीब की जेब को खाली कर दिया है। प्रदेश में इन पांच साल में माफियाराज को बढ़ावा दिया है। कहा कि जौनसार बावर का विकास भाजपा सरकार ने ठप किया है। जो योजनाएं कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुई थी, उन्हें रोक दिया गया है। कहा कि प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार बननी तय हो चुकी है। कांग्रेस के सत्ता में आते ही जौनसार बावर में ठप पड़ी सभी विकास योजनाओं को शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ पूरे प्रदेश की जनता को भाजपा के माफियाराज से निजात मिलेगी। इस दौरान बहादुर सिंह चौहान, गुड्डू सिंह चौहान, मदन दास, दिनेश वर्मा, नरेंद्र दास, चतर दास, डोडू दास, स्वराज सिंह, दिनेश चौहान, दीवान सिंह तोमर, शमशेर रावत, राजेंद्र चौहान, केशर सिंह, प्रीतम तोमर आदि मौजूद रहे।
