महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने बाइक रैली निकाली

विकासनगर। प्रदेश सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल की विफलताओं के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस ने रामपुर से लेकर शंकरपुर तक बाइक रैली निकालकर अपना विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि झूठे सपने दिखाकर डबल इंजन के नाम पर सत्ता में आई भाजपा ने इन पांच सालों में छल कपट कर जनता को धोखा दिया है। बाइक रैली के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश महामंत्री आकिल अहमद ने कहा कि रोजगार, महंगाई घटाने व प्रदेश की जनता को अच्छे दिन दिखाने के नाम पर सत्ता में आई डबल इंजन की सरकार का इंजन चलने से पहले ही फेल हो गया। कहा कि भाजपा ने जो डबल इंजन बनाया था उसमें झूठ, फरेब, धोखेबाजी, जनता को छलने के लिए डुप्लीकेट पार्ट लगाये गये थे। कहा कि आज प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन के कारण लोग त्रस्त हैं। गरीब भुखमरी के कगार पर है। कोरोना महामारी में लोगों का रोजगार छूट गया। उन्हें रोजगार नहीं मिला। जनता में त्राहिमाम मचा हुआ है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। उज्ज्वला गैस के नाम पर फ्री कनेक्शन तो बांट दिए, लेकिन सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये पहुंचा दी। उज्ज्वला कनेक्शन लेने वाले लोगों ने पिछले डेढ़ साल से रसोई गैस सिलेंडर नहीं खरीदा। वह लकड़ी का चूल्हा जलाने को मजबूर हैं। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा की सरकार को उखाड फेंकने को तैयार है। बाइक रैली में राजू तोमर, शहजाद अली, हाजी असलम, जगदीश शर्मा, दीपक जोशी, अब्दुल कादिर, देवेंद्र, उज्जवल शर्मा, विशाल, हरिदर्शन शर्मा, शेर सिंह, दीपक कुमार, संदीप कुमार, रासिद, अमन खान, मोबीन खान, इसरार, सोनू, मोहम्मद, अरशद, शोएब मलिक, हाजी अमजद, वाहिद इकबाल, हाजी मोहम्मद अली, अब्दुल्ला, महफूज, आदिल, मेहताब आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *