हरबर्टपुर में यात्रियों को मिलेगी सार्वजनिक शौचालय की सुविधा
विकासनगर। नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर में बने सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण कर शनिवार को विधायक मुन्ना चौहान ने जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही नगर में डेढ़ करोड़ की लागत से बने कई योजनाओं का लोकार्पण किया। हरबर्टपुर कस्बा पछुवादून को उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ से जोड़ता है। इन चारों राज्य से आने जाने वाले यात्री वाहन इसी कस्बे से गुजरते है। लिहाजा कस्बे पर यातायात और यात्रियों का हर रोज भारी दबाव रहता है। इसके साथ ही पछुवादून के दो दर्जन से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्य बाजार भी यही कस्बा है। जिसके चलते यहां हर रोज बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी करने आते है। लेकिन हरबर्टपुर में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से यहां आने वाले यात्रियों, ग्रामीणों और व्यापारियों को परेशानी से जुझना पड़ता है। खासकर महिलाओं को कई बार असहज परिस्थितियों का समाना करना पड़ता है। विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि हरबर्टपुर में आने जाने वाले लोगों की समस्या को देखते हुए यहां हाईटेक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही वार्ड पांच में पेयजल किल्लत दूर करने के लिए नलकूप लगाया गया है। कहा कि सभी कार्य पूर्ण होने के बाद जनता को समर्पित कर दिए गए हैं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, अधिशासी अधिकारी भगवत सिंह बिष्ट, नीरज थापा, पम्मी देवी, अखिल गोयल, राजेंद्र प्रसाद, मनीष चौहान मौजूद थे।
