बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर रामलीला मैदान में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए तथा लोगों को योजनाओं से लाभाविन्त किया गया। मौके पर मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लोगों को लाभाविन्त करने को कहा। उन्होंने कहा कि जो लोग योजनाओं से वंचित रह गए हैं उन्हें योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार से जोड़े। जिससे वह अपनी आर्थिकी मजबूत बना सकेंगे। डीएम पौड़ी डा. विजयकुमार जोगदंडे के दिशा-निर्देश पर श्रीनगर रामलीला मैदान में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, उद्यान, कृषि, श्रम, पशुपालन, खादी भंडार, सहकारिता, राजस्व, सहित 15 विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए। मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि लोगों की समस्याओं के निस्तारण हेतु शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे लोगों को मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि, उद्यान के क्षेत्र में भी लोगों द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों से आये सम्बंधित अधिकारियों को स्वरोजगार अपनाने हेतु लोगों को प्रेरित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाले से निजात दिलाने के लिए किसानों को खेतों में पानी का उपयोग करना होगा जिससे फसल बर्बाद होने से बच सकेगी। मौके पर समाज कल्याण अधिकारी विनोद उनियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, श्रम विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कमल कुमार आदि मौजूद रहे।
