महिलाओं को हर क्षेत्र में अपने सुझाव रखने चाहिए: मधु
विकासनगर। भाजपा मंडल कार्यालय में आयोजित महिला सम्मेलन में चुनाव के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर चर्चा की गई। इसके साथ ही महिलाओं को नेतृत्व के लिए आगे आने को प्रेरित किया गया। महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ ही चुनाव में पार्टी प्रत्याशी का प्रचार करने का भी संकल्प लिया। बुधवार को सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि राष्ट्र के विकास में आधी आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत महिलाएं अपने समाज का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में अपने सुझाव रखने चाहिए, जिससे कि समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सके। बताया कि भाजपा सरकार में महिलाओं की शक्ति में वृद्धि हुई है। सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं। केंद्र सरकार में वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी महिला के कंधों पर दी गई है। इससे जाहिर है कि भाजपा महिलाओं को वास्तविक रूप से सशक्त करना चाहती है। कहा कि महिलाओं का भी भाजपा सरकार पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चकराता विधान सभा में भी इस बार महिलाओं को अपनी ताकत का अहसास कराते हुए कमल खिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। महिलाओं के सहयोग से इस बार चकराता में भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। कांग्रेस ने महिलाओं के साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए कभी कोई काम नहीं किया है। चकराता विधान सभा में पिछले बीस साल में कांग्रेस की उपलब्धि सिर्फ ग्रामीणों को आपस लड़ाने की रही है। उन्होंने सभी महिलाओं से भाजपा की जीत के लिए आगे आने की सलाह दी। इस दौरान कार्यक्रम की संयोजक सुंदला चौहान, नेवी साहिया की प्रधान नीलम सवाई, गीता चौहान, मीरा चौहान, सुनीता राय, मंडल अध्यक्ष अमर सिंह चौहान, विधान सभा प्रभारी सूरत सिंह, प्रशांत भसीन, प्रवीन, प्रदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।
