निर्मल समाज विकास मंच ने किया एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन
विकासनगर। उत्तराखंड निर्मल समाज विकास मंच ने रसायिक पदार्थ युक्त दूषित जल सड़कों पर बहने के विरोध में उपजिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन और तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मंच के कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उद्योगों के रासायनिक पदार्थों से दूषित हो रहे जल को बचाने की मांग की है। बुधवार को उत्तराखंड निर्मल समाज विकास मंच सेलाकुई ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मंच के अध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया कि जमनपुर सेलाकुई में कई बस्तियों में पिछले कई वर्षों से फैक्ट्रियों का रासायनिक दूषित जल बह रहा है। इससे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं की गयी। कहा कि उद्योगों के जहरीले रसायन से दूषित जल का सेवन करने से दर्जनों लोग बीमार हो गये हैं। दावा किया कि कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मंच ने समस्या से निजात दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उद्योगों के जहरीले रसायन से नदियों के जल को बचाया जाय। कहा कि एक सप्ताह के अंदर तहसील प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की जाती है तो व्यापक स्तर बस्तियों के लोगों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों में अध्यक्ष निर्मल समाज विकास मंच सेलाकुई शाहिद सिद्दकी, अमित अग्रवाल, भारत सिंह, वीरेंद्र सिंह, नसीमा, शाहजहां, सागर कुमार, इकबाल अहमद, शाहरुख खान, नवाज सिद्दकी आदि शामिल रहे।
