अच्छी खबर: डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ा लक्सर डिग्री कॉलेज
रुड़की
लक्सर के राजकीय डिग्री कॉलेज में पढ़ रहे चार सौ बच्चों के लिए अच्छी खबर है। अब वे घर बैठे ही अपनी जरुरत की कोई भी पुस्तक ऑनलाइन पढ़ सकते हैं। कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी एक ऐसा पुस्तकालय है, जहां पुस्तकों का डाटा डिजिटल रूप में इकट्ठा रहता है। छात्र ऑनलाइन कोई भी पुस्तक खोलकर इसका अध्ययन कर सकते हैं। बताया कि कॉलेज का नया भवन बनने के बाद कॉलेज प्रशासन ने यहां डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा देने का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव को स्वीकार कर कॉलेज को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ दिया गया है। बताया कि अब छात्रों को अध्ययन के लिए किताबें खरीदनी जरुरी नहीं होंगी। वे कभी भी, कहीं भी किताबें ऑनलाइन पढ़ सकते हैं।
