श्रमिक कार्ड हेतु कार्य प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त करने की मांग की

विकासनगर।

जन संघर्ष मोर्चा ने कार्य प्रमाण पत्र की बजाय शपथ पत्र के आधार पर श्रमिक कार्ड जारी करने की व्यवस्था बनाने की मांग प्रदेश सरकार से की है। मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि कार्य प्रमाण पत्र बनाने के लिए पंजीकृत ठेकेदार श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। अस्पताल रोड स्थित कैंप कार्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि श्रम विभाग (कर्मकार कल्याण बोर्ड) की गाइड लाइन के अनुसार श्रमिक कार्ड बनवाने हेतु श्रमिक को किसी पंजीकृत ठेकेदार द्वारा प्रदत्त कार्य प्रमाण पत्र लाना जरूरी है। इस बाध्यता के चलते गरीब श्रमिकों का शोषण हो रहा है। उन्हें अनुभव प्रमाण पत्र बनाने के लिए कई दिनों तक ठेकेदार के चक्कर काटने के साथ ही डेढ़ से दो हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। कई श्रमिक कार्य प्रमाण पत्र के अभाव में अपना पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं, जिस कारण इनको विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग मात्र शपथ पत्र के आधार पर श्रमिक का पंजीकरण तो कर लेता है, लेकिन जब श्रमिक द्वारा कार्ड लेने हेतु विभाग से अनुरोध किया जाता है तो उससे कार्य प्रमाण पत्र की मांग की जाती है। उन्होंने श्रमिक कार्ड के लिए कार्य प्रमाण पत्र की बाध्यता समाप्त करने की मांग श्रम विभाग से की है। इस दौरान विजय राम शर्मा, सुशील भारद्वाज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *