केशव अस्पताल का मैनेजर  घर से गिरफ्तार  

देहरादून।

पीटने, जान से मारने की धमकी देने, बलवा, तोड़फोड़ में फरार चल रहे केशव अस्पताल के मैनेजर को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के तीन अन्य साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।केशव अस्पताल के संचालक शाह आलम सहित चार के खिलाफ नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इंस्पेक्टर नेहरू कालोनी सतबीर बिष्ट ने बताया कि मुख्य आरोपित शाह आलम निवासी रक्षा विहार अधोईवाला (केशव अस्पताल का संचालक) गिरोह का लीडर है। आरोपित अपने अस्पताल को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से अन्य निजी अस्पताल के संचालकों व कर्मचारियों सहित अन्य व्यक्तियों को पीट चुके हैं। इसके अलावा शाह आलम के साथी एजाज निवासी मखियाली खुर्द लक्सर हरिद्वार के खिलाफ दो, शाकिब निवासी एमडीडीए कालोनी मोहिनी रोड डालनवाला के खिलाफ दो और मोहित चौधरी निवासी शेरपुर झबरेड़ा हरिद्वार के खिलाफ विभिन्न थानों में दो मुकदमे दर्ज हैं। बीते 31 अगस्त को गिरोह के सदस्यों ने अजबपुर खुर्द स्थित हेल्थकेयर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी पर फायर कर अस्पताल में तोडफ़ोड़ की थी। गिरोह के चारों सदस्य फरार चल रहे थे। जिनमें से शाकिब को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी में ढिलाई पर पूर्व में एक दारोगा को निलंबित भी किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *