ट्रकों के बीच कुचलकर क्लीनर की मौत के मामले में मुकदमा
विकासनगर।
सेलाकुई मुख्य बाजार में दो ट्रकों के बीच कुचलकर मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के एक क्लीनर की मौत हो गई। मामले में मृतक के पिता ने तहरीर देकर ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में एक ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
सेलाकुई में मंगलवार को सीमेंट से लदे दो ट्रकों में से एक ट्रक खराब हो गया। एक ट्रक पर चालक धर्मेंद्र पुत्र मनोहरा निवासी ग्राम एकता विहार कालोनी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश व दूसरे का चालक योगेंद्र सिंह पुत्र अनिल कुमार निवासी चोरखाला सहसपुर था। सेलाकुई में आने पर ट्रक खराब गया, जिस पर चालक योगेंद्र ने दूसरे के चालक धर्मेंद्र से गाड़ी को धक्का देने को कहा। चालक धर्मेंद्र अपने क्लीनर अनुज को गाड़ी से नीचे उतारा और खराब हाल में खड़े ट्रक को धक्का देने लगा। क्लीनर पीछे से चालक को साइड दिखा रहा था। अचानक ट्रक के ऊपर रखा त्रिपाल उसके उपर आ गिरा, जिससे चालक धर्मेंद्र को वह नहीं दिखा। अनुज दोनों ट्रकों के बीच में आ गया, जिससे कुचलकर उसकी मौत हो गई। क्लीनर अनुज कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी बसाणा थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के स्वजन को पुलिस ने घटना की सूचना दी। दूसरे दिन तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
