लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत लखीमपुर खीरी तक मार्च निकाला

बाजपुर।

उत्तराखंड से लखीमपुर खीरी के लिए किसान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस के मार्च की शुरुआत बाजपुर से हुई जिसमें पार्टी के तमाम दिग्गज जुटे और केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। गुरुवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि किसान बचाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत लखीमपुर खीरी तक मार्च निकाला जा रहा है।
तीनों किसान व खेती विरोधी काले कानूनों को वापस लेने व लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलने के लिए दोषी केंद्रीय राज्य मंत्री को बर्खास्त करने, हत्यारों को गिरफ्तार करने व देशभर में नागरिक अधिकारों की हो रही अवलेहना के खिलाफ जनचेतना जगाने के लिए यह रैली निकालने को मजबूर होना पड़ा है। उत्तराखंड में आवाज दबाने के लिए राज्यभर में रासुका लगा दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का डर दिखाकर लोगों को चुप कराया व धमकाया जा रहा है। हमारी मांग है कि रासुका हटाई जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा गलतियां करेगी तो उसका फायदा कांग्रेस को नहीं मिलेगा तो और किसको मिलेगा। हमारा लोकतांत्रित फर्ज है जनता की आवाज को उठाना। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस मार्च में शामिल होने पर आपका स्वागत करता हूं। आज देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए हम मन-कर्म व वचन से इस लड़ाई में शामिल हों। जिस प्रकार से केंद्र व उत्तर-प्रदेश एवं उत्तराखंड में बैठी भाजपा की सरकारें जनता की आवाज को कमजोर करने के लिए अपनी ताकत कर गलत इस्तेमाल कर देशवासियों को चोट पहुंचा रही हैं। ऐसे में हमारा फर्ज बन जाता है कि हम देश व प्रदेशवासियों की रक्षा के लिए आगे आकर काम करें। जहां एक ओर हमारी राष्ट्रीय महासचिव अपराधियों को सजा दिलाने व प्रभावित परिवारों के आंसू पौंछने के लिए लखीमपुर खीरी जाना चाहती थी, लेकिन उन्हें उप्र सरकार ने सीतापुर में रोके रखा। हम पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने के लिए यहां से लखीमपुर खीरी कूच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *