साइबर ठग ने सेल्समैन के 90 हजार उड़ाए
मुरादाबाद
मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र में कंपनी के सेल्समैन को साइबर ठगों ने निशाना बना डाला। उसके खाते से पेटीएम और फर्जी यूपीआई आईडी से 90 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत करने पर नगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र के शाहपुर तिगरी निवासी शुभम कुमार कश्यप एक नामचीन निजी कंपनी में सेल्स मैन का कार्य करता है। बैंक आफ बड़ौदा की टाउनहॉल शाखा और एचडीएफसी की लाजपतनगर शाखा में उसका बैंक अकाउंट है। शुभम के अनुसार बैंक आफ बड़ौदा में उसका सैलरी एकाउंट हैं। कुछ दिनों पहले उसने पेटीएम के जरिए लोन की किश्त जमा की थी। लेकिन पेमेंट फेल हो गई, जबकि उसके खाते से रकम कट गई थी। उसने हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। शुभम के अनुसार फोन उठाने वाले ने उससे पेटीएम के अलावा दोनों खातों के संबंध में जानकारी ली। उसके अनुसार कुछ देर बाद ठग ने फर्जी आइडी बनाकर उसके दोनों खातों से करीब 90 हजार रुपए उड़ा दिए। उसने बैंक अफसरों से संपर्क किया लेकिन वह कोई मदद नहीं कर सके। बाद में परेशान होकर नगर कोतवाली में तहरीर दी। नगर कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करके जांच की जा रही है।
