भाजपा महिला मोर्चा ने किया विस अध्यक्ष को सम्मानित
ऋषिकेश
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के गंगा आरती कार्यक्रम को सफल बनाने पर प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने खुशी जताई। उन्होंने इसका श्रेय विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को दिया। उन्होंने विस अध्यक्ष के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूडी कोयलघाटी स्थित विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के आवास पर पहुंची। वहां उन्होंने विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल व उनकी पत्नी शशि प्रभा अग्रवाल को सम्मानित किया। कहा कि विस अध्यक्ष द्वारा हाल ही में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की 200 से अधिक महिला पदाधिकारियों का गंगा आरती के दौरान भव्य स्वागत किया गया था। गंगा आरती में उचित व्यवस्थाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए गए थे। भारतीय संस्कृति में गंगा आरती का विशेष महत्व है। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की 200 से अधिक पदाधिकारियों का एक साथ ऋषिकेश आना गौरवपूर्ण रहा।
