सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने कराई थी हत्याश्, गहराएगा तनाव रू अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट
वॉशिंगटन…..
चर्चित पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या मामले को लेकर अमेरिका का जो बाइडेन प्रशासन अगले हफ्ते एक खुफिया रिपोर्ट जारी करने वाला है जिस पर सऊदी अरब के साथ उसके संबंधों में तनाव गहराने की संभावना है। दरअसल, अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इंटेलिजेंस रिपोर्ट में पाया गया है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने साल 2018 में पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या का आदेश दिया था। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नैशनल इंटेलिजेंस ने यह रिपोर्ट तैयार की है और इसे अगले हफ्ते सार्वजनिक किया जाएगा। खशोगी अमेरिकी अखबार में सऊदी अरब सरकार की आलोचना में कॉलम लिखते थे। जब वह इस्तांबुल स्थित सऊदी कॉन्सुलेट एक तुर्किश नागरिक से शादी के लिए जरूरी पेपर लेने गए तो उन्हें नशीला पदार्थ देने के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।
बाइडेन प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि राष्ट्रपति मोहम्मद बिन सलमान से नहीं उनके पिता सऊदी के शासक सलमान बिन अब्दुलजीज से बात करेंगे और मोहम्मद बिन सलमान से देश के रक्षा मंत्री लॉइड ऑस्टिन बात करेंगे। गौरतलब है कि क्राउन प्रिंस को ही देश का शासक माना जाता है लेकिन अमेरिकी प्रशासन सिर्फ समकक्षों की बातचीत के पक्ष में है। इससे पहले अमेरिका ने यमन में हूती विद्रोहियों से आतंकवादी का दर्जा हटाने का ऐलान किया था और सऊदी को समर्थन देना बंद करने का ऐलान किया था। बाइडेन ने कहा था कि यमन में युद्ध खत्म करने के लिए कूटनीति को बढ़ाया जा रहा है ताकि इस मानवीय और रणनीतिक विनाश को रोका जा सके। साल 2019 में अमेरिकी कांग्रेस ने एक कानून पारित किया था जिसके तहत खशोगी की हत्या में किसी सऊदी अधिकारी की भूमिका की जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा गया था।
