10 साल बाद लिस्ट ए क्रिकेट में हुई पेसर श्रीसंत की वापसी, पहले मैच में 41 रन देकर लिए दो विकेट

नई दिल्ली….

करल के तेज गेंदबाज एस श्रीसंत शनिवार को 10 साल बाद लिस्ट ए मैच खेलने मैदान पर उतरे। ओडिशा के खिलाफ एस श्रीसंत ने जबर्दस्त वापसी की और पहले ही मैच में 8 ओवर में 41 रन देकर 2 विकेट चटकाए। बता दें श्रीसंत अपना आखिरी लिस्ट ए मैच साल 2011 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेले थे। भारत ने 2 अप्रैल 2011 को वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया था और इस मैच के बाद श्रीसंत वनडे टीम से बाहर हो गए।

श्रीसंत ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच इंग्लैंड के खिलाफ ओवल मैदान पर 2011 में ही खेला था। श्रीसंत ने विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मुकाबले में ओडिशा के टॉप ऑर्डर के दो बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा। उन्होंने संदीप पटनायक और एस सेनापति को आउट किया। श्रीसंत के इस प्रदर्शन को देख फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर सलाम किया।
उल्लेखनीय है कि श्रीसंत हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी केरल के लिए खेले थे और उन्होंने पांच मैचों में 4 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी रेट भी 9 रन प्रति ओवर से ज्यादा का रहा। जिसके बाद भी आईपीएल ऑक्शन में उनपर किसी फ्रेंचाइजी ने दांव नहीं लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *