रिटायर फौजी के घर पर चोरों का धावा

रुद्रपुर। छतरपुर की नार्थ प्वाइंट सिटी कॉलोनी में चोरों ने रिटायर फौजी के घर में धावा बोलकर 10 हजार रुपये की नकदी समेत 10 लाख रुपए के जेवर चोरी कर लिए। जिस कमरे में रखी अलमारी को चोरों ने खंगाला वहां मां-बेटे सो रहे थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह अलमारी का सामान बिखरा देखकर परिजनों को चोरी का पता चला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहीं पीडि़त रिटायर फौजी ने पुलिस को तहरीर देकर जल्द चोरों को पकडऩे की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार छतरपुर नार्थ पॉइंट सिटी कॉलोनी निवासी धन बहादुर थापा ने बताया कि वह सेना से रिटायर होकर अपने दो बेटों व पत्नी के साथ नार्थ प्वाइंट सिटी कॉलोनी में रहते हैं। गर्मी के चलते वह घर की छत पर सो रहे थे। शनिवार रात खाना-खाकर वह अपने बड़े बेटे आकाश के साथ छत पर सोने चले गए, जबकि पत्नी रश्मि व छोटा बेटा अनुस कमरे में ही सो रहे थे। इस बीच चोर घर की छत पर चढ़ गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते उस कमरे में पहुंचे जहां अलमारी रखी हुई थी। उस कमरे में उनकी पत्नी व छोटा बेटा सो रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह छह बजे पत्नी व बेटे के कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों की नीचे से जमीन खिसक गयी। अलमारी खुली हुई थी और सामान इधर-इधर बिखरा पड़ा था। अलमारी के अंदर देखा तो लॉकअप भी खुला हुआ था, उसमें 10 हजार रुपये और गले का हार, टॉप्स, मंगलसूत्र, झुमके, गले का पेंडल, तीन अंगूठी हाथ के कड़े गायब थे। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर परिजनों से जानकारी ली। पंतनगर थानाध्यक्ष एमएम जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गयी है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *