छात्रसंघ चुनाव के अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला
ऋषिकेश
श्रीदेवसुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश कैंपस में सात नवंबर को होने जा रहे छात्रसंघ चुनाव के प्रत्याशियों की तस्वीर अब साफ हो गई है। रविवार को नाम वापसी और नामांकन जांच प्रक्रिया पूरी हो गई। जांच में सभी प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए। अध्यक्ष पद पर अनिरुद्व शर्मा, रोहित नेगी और हिमांशु जाटव के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। रविवार के दिन ऋषिकेश कैंपस परिसर में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा। इस दौरान छात्रसंघ निर्वाचन समिति के अधिकारी चुनाव की निर्धारित प्रक्रियाओं में व्यस्त मिले। कैंपस के मुख्य गेट और निर्वाचन कार्यालय कक्ष के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इस दौरान प्रात: 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चली। इसमें कोषाध्यक्ष पद की प्रत्याशी और बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा राधा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे उनके समर्थकों के चेहरे पर निराशा भी नजर आई। दोपहर 12 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निर्वाचन समिति के सदस्यों ने प्रत्याशियों द्वारा दाखिल प्रपत्रों की जांच की। इसमें सभी प्रत्याशियों के प्रपत्र वैध पाए गए। अपराह्न 3 बजे निर्वाचन समिति द्वारा प्रत्याशियों की वैध सूची प्रकाशित कर नोटिस बोर्ड पर चस्पा भी कर दी गई।
