अंडमान निकोबार के 51 इंजीनियर्स को दिया प्रशिक्षण
ऋषिकेश
एसआरएचयू की प्रायोजित संस्था हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट के विशेषज्ञों ने जल जीवन मिशन के तहत केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार के 51 इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में इंजीनियरों को जल आपूर्ति, बुनियादी ढांचे का प्रबंधन, संचालन और रखरखाव का प्रशिक्षण दिया गया। एसआरएचयू जौलीग्रांट के कुलाधिपति डॉ. विजय धस्माना ने बताया कि केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा एचआईएचटी को राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल योजना के सेक्टर पार्टनर एवं मुख्य संसाधन केंद्र (केआरसी) के तौर पर नामित किया है। इसके अंतर्गत एचआईएचटी देश के विभिन्न राज्यों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है। अब तक 27 राज्यों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 1 से 3 नवंबर तक अंडमान में प्रशिक्षण चला। इसमें वहां के 51 इंजीनियरों को जल आपूर्ति, बुनियादी ढांचे का प्रबंधन, संचालन और रखरखाव का प्रशिक्षण दिया गया। टीम में एसआरएचयू के सलाहकार एचपी उनियाल, ट्रेनिंग मैनेजर गीता कांडपाल आदि शामिल रहे।
