युवाओं को नेचर गाइड का प्रशिक्षण दिया
विकासनगर
पर्यटन और आतिथ्य कौशल परिषद की ओर से पीजी कॉलेज डाकपत्थर के परिसर में चल रहे दस दिवसीय नेचर गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। समापन पर शिविर में प्रतिभाग करने वाले सभी तीस प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि मुन्ना चौहान ने कहा कि पछुवादून, जौनसार बावर में प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, लेकिन स्थानीय गाइड नहीं होने से पर्यटक सिर्फ उन्हीं जगहों पर जाते हैं, जिनकी उन्हें जानकारी होती है। स्थानीय युवा गाइड बनेंगे तो उन्हें स्वरोजगार मिलने के साथ ही पूरे पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि नेचर गाइड को पर्यटन स्थलों की जानकारी के साथ ही स्थानीय वनस्पति, पशु पक्षियों की जानकारी होना भी जरूरी है। इसके साथ ही स्थानीय इतिहास, लोक कला, लोक साहित्य, लोक संस्कृति का ज्ञान भी होना चाहिए। इससे पूर्व दस दिनों तक विशेषज्ञों ने गाइड संबंधी प्रशिक्षण दिया। इस दौरान पक्षी विशेषज्ञ प्रदीप सक्सैना, अजय शर्मा, दिनेश ढींगरा, डॉ. राखी डिमरी, वन क्षेत्राधिकारी अनिल भट्ट आदि मौजूद रहे।
