जवाहर नगर में पेयजल लाइन ध्वस्त होने से ग्रामीण परेशान
रुद्रपुर
शांतिपुरी के ग्राम जवाहर नगर में जगह-जगह स्वजल की लाइनें बिछाने के नाम पर संबंधित ठेकेदार ने गांव में पड़ी पुरानी पेयजल लाइनों को भारी क्षति पहुंचाई है। इससे पानी लीक होने से स्थानीय ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के हरिओम कॉलोनी निवासी मोहन चंद्र पांडे का आरोप है कि स्वजल लाइन बिछाने वाले ठेकेदार के आदमी आए दिन गांव में पड़ी पुरानी पेयजल की लाइनों को तोड़कर उसे कई-कई दिनों तक खुला छोड़ रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसके लिए पेयजल लाइनमैन को भी दोषी ठहराया। आरोप लगाया कि लाइनें क्षतिग्रस्त होने के बावजूद वह मनमाने तरीके से किसी भी समय पानी खोल देते हैं। इससे जहां गांव की सड़कों व किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है, वहीं जरूरत के समय पानी नही खोलने से उपभोक्ताओं को पेयजल की दिक्कत हो रही है।
