मलयालम फिल्म होम का बनेगा हिन्दी रीमेक, अबुदंतिया एंटरटेनमेंट करेगी निर्माण

दक्षिण भारतीय फिल्मों की रीमेक बनाने का प्रचलन बॉलीवुड में काफी पुराना रहा है। ऐसी फिल्मों को अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली है। इसी कड़ी में एक और सुपरहिट फिल्म का नाम जुड़ गया है। अब जानकारी सामने आ रही है कि मलयालम की सुपरहिट फिल्म होम का हिन्दी रीमेक बनने वाला है। इस फिल्म की हिन्दी रीमेक को लोकप्रिय प्रोडक्शन हाउस अबुदंतिया एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करेगी। हाल में होम अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी।
ऑरिजनल फिल्म होम का निर्माण फ्राइडे फिल्म हाउस ने किया था। अब इस फिल्म का हिन्दी में निर्माण करने के लिए फ्राइडे फिल्म हाउस ने अबुदंतिया एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाया है। अबुदंतिया एंटरटेनमेंट के संस्थापक और सीईओ विक्रम मल्होत्रा ने एक बयान जारी करते हुए इस संबंध में घोषणा की है। उन्होंने कहा, हम होम जैसी एक सुंदर और प्रासंगिक फिल्म को फिर से बनाने का अवसर पाकर खुश हैं।
उन्होंने आगे कहा, हमने हमेशा एक सार्थक कहानी को दिल को छू लेने वाले मनोरंजन के साथ जोडऩे में विश्वास किया है। होम की हिन्दी रीमेक उसी यात्रा का एक और कदम है। फ्राइडे फिल्म हाउस के निर्माता विजय बाबू ने इस साझेदारी को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, फिल्म होम रिश्तों के बारे में बात करता है और यह दिखाता है कि ये रिश्ते डिजिटल युग में कैसे विकसित हो रहे हैं। यह एक सार्वभौमिक विषय है।
होम एक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसका लेखन और निर्देशन रोजिन थॉमस ने किया है। फिल्म माता-पिता और बच्चों के बीच के जेनरेशन गैप की पड़ताल करती है। टेक्नोलॉजी के विकास के बाद कैसे यह गैप और बढ़ा है, फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की गई है। ऑरिजनल फिल्म में श्रीनाथ भासी, इंद्रांस, दीपा थॉमस और नेसलेन के गफूर ने अहम किरदार निभाया था। इस फिल्म को दर्शकों की तरफ से खूब वाहवाही मिली थी।
विक्रम के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह कई फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। हाल में उनकी फिल्म शेरनी अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। फिल्म में विद्या बालन मुख्य भूमिका में थीं। इसके अलावा वह अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु से जुड़े हुए हैं। वह विशाल फूरिया की सुपरनैचुरल फिल्म छोरी का भी निर्माण कर रहे हैं। वह साउथ अभिनेता सूर्या की फिल्म सोरारई पोटरु की हिन्दी रीमेक को भी प्रोड्यूस करने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *