योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए फील्ड में जाएं अफसर
पौड़ी। क्षेत्र पंचायत कल्जीखाल की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आपदा से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पेयजल लाइन, विद्युत लाइन, रास्तों की समस्याएं उठाईं। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार की ओर से कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है लेकिन प्रचार-प्रसार की कमी से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने अफसरों को कार्यालय में ना बैठकर गांवों में जाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए।
सोमवार को आयोजित बैठक में ग्राम प्रधान दिउसा ने एएनएम सेंटर में स्टाफ की कमी को दूर करने, घण्ड़ियाल में पेयजल किल्लत दूर करने, रौंतेला में पेयजल टैंक बनाने, पल्ली मल्ली में निष्प्रोज्य स्कूल में चल रहे स्कूल को हटाने, ग्राम ओलना में अनुसूचित जाति बस्ती के 5 परिवारों को बिजली के कनेक्शन देने, मलाऊ से फल्दा, दलमोटा से सिलेथ पीपला बैण्ड मलाऊ सड़क की स्थिति को ठीक करने की मांग उठाई। ब्लाक प्रमुख बीना राणा ने लोनिवि को साकनीखेत बूंगा मोटर मार्ग पर झाड़ियां जल्दी से जल्दी कटवाने के निर्देश दिए। कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का जल्द निस्तारण किया जाए। बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख अनिल नेगी, जिला परियोजना निदेशक संजीव राय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डीएस बिष्ट, जिलापूर्ति अधिकारी केएस कोहली, मुख्य शिक्षा अधिकारी डीसी गौड, खण्ड़ विकास अधिकारी जगमोहन सिंह उप प्रमुख अर्जुन पटवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मिरचौड़ा विवेक नेगी, गढ़कोट माधुरी देवी, साकनी बड़ी राकेश नैथानी आदि शामिल रहे।
