शादी का वादा करके बनाए शारीरिक संबंध

रुडकी। सुल्तानपुर के शादीशुदा व्यक्ति ने तलाकशुदा महिला से शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि गर्भवती होने पर बिना बताए दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। शादी का दबाव डालने पर उसने महिला की पुत्रियों को मारने की धमकी दी। महिला ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
एक तलाकशुदा महिला दो बेटियों के साथ सुल्तानपुर में रहती है। डेढ़ साल से सुल्तानपुर का एक व्यक्ति उसके घर आ रहा था। वह खुद को कुंआरा बताता था। वह धीरे-धीरे करके महिला को बहलाता फुसलाता रहा और फिर शादी करने का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाने लगा। इस दौरान महिला को गर्भ ठहर गया। महिला ने उसे बताया तो उसने एक दवा लाकर महिला को दी। कहा कि गर्भावस्था में इससे शरीर को विटामिन मिलेगा। महिला का आरोप है कि दवा खाने से उसका गर्भपात हो गया। शक होने पर महिला ने उसके घर से जानकारी ली। पता चला कि वह शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। महिला ने उसे समझाया तो उसने महिला की बेटियों को मारने की धमकी दी। एसएसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *