चौकी धौलास के लिए मिनी बस सेवा का संचालन शुरु

विकासनगर। सहसपुर के चौकी धौलास के बाशिंदों के लिए बुधवार से सार्वजनिक मिनी बस सेवा की शुरुआत हो गई। बुधवार को विधायक सहदेव पुंडीर ने मिनी बस सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। पूर्व में मिनी बस सेवा का संचालन घंटा घर से जतनवाला तक के लिए होता था। जिस कारण चौकी धौलास, हरियावाला और आसपास के अन्य ग्रामीणों को इस बस सेवा का लाभ नहीं मिल रहा था। लोगों को अपने दुपहिया वाहन और पैदल तय करके ही आवागमन करना पड़ता था। अधिकांश क्षेत्र वन विभाग से सटा होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन के दौरान जंगली जानवरों का भी खतरा रहता है। क्षेत्रवासियों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्या रखी। विधायक ने उत्तराखंड परिवहन विभाग के संभागीय अधिकारी को मिनी बस सेवा संचालन को जतनवाला से आगे बढ़ाते हुए चौकी धौलास तक करने हेतु निर्देश दिए थे। जिसके बाद बुधवार से यहां विधिवित बस सेवा का संचालन शुरु हो गया। बस की सुविधा मिलने से स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। अशोक नेगी, पूर्व प्रधान यशवंत सिंह चौहान, ग्राम प्रधान चौकी सविता, ग्राम प्रधान हरियावाला रजनी देवी, वीर सिंह पुंडीर, उप प्रधान गंभीर खरोला, विवेक, मनजीत, सूरज नेगी, लखन सिंह, रघुनाथ, मनोज धीमान, अनिल कुमार, अभिषेक, रोहित आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *