कांवडियों पर पत्थराव की घटना पर विहिप व बजरंग दल ने आक्रोश व्यक्त किया

विकासनगर। विहिप और बजरंग दल ने पिछले दिनों रामपुर में कांवड़ियों पर किए गए पथराव की घटना की निंदा की है। बुधवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज यमुना कॉलोनी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विहिप के प्रांत अध्यक्ष रविदेव आनंद और बजरंग दल के प्रांत संयोजक अनुज भैया ने कहा कि इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों नेताओं ने पछुवादून पुलिस की भूमिका पर संदेह व्यक्त किया। आरोप लगाते हुए कहा कि कहीं न कहीं पुलिस ऐसे लोगों को संरक्षण दे रही है। कहा कि कांवड़ियों पर पथराव की घटना में सिर्फ पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। अन्यथा विहिप और बजरंग दल को आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरने को बाध्य होना पड़ेगा। कहा कि विकासनगर पुलिस चौकी पर पथराव, देशद्रोही नारे लगने के बावजूद अब तक न तो कोई मुकदमा दर्ज हुआ और नहीं कोई कार्रवाई की गयी। कहा कि पुलिस संगठनों के साथ वार्तालाप कर समझा बुझाकर शांत कर घर भेज देती है। कहा कि अब मामला बर्दाश्त से बाहर हो चुका है। जिन लोगों की लिस्ट संगठन की ओर से दी गयी उनके नाम मुकदमे में शामिल कर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो बजरंग दल और विहिप आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नितिन अग्रवाल, जिलासहमंत्री विनोद रावत, सहसंयोजक शेखर बंसल, नगर अध्यक्ष रमेश, गगन, सूरजदीप सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *