भारी बरसात में पेयजल किल्लत से जूझ रहे अटकफार्म के बाशिंदे
विकासनगर। पीने के पानी की किल्लत से जूझ रहे सांसद आदर्श गांव अटक फॉर्म के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सहसपुर ब्लॉक के अटक फॉर्म में करीब दो हजार की आबादी बीते एक माह से पेयजल किल्लत से जूझ रही है। जल संस्थान अधिकारियों और स्थानीय जन प्रतिनिधियों को समस्या के अवगत कराने के बावजूद पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की जा रही है। ऐसे में मजबूर होकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव को टिहरी सांसद ने गोद लिया हुआ है। सांसद के गोद लिए हुए आदर्श गांव में ही ग्रामीण एक माह से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। इन दिनों भारी बरसात में पीने के पानी के लिए घर से बाहर जाना भी मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही प्राकृतिक पेयजल स्रोतों में बरसात के दौरान दूषित पानी भी आ रहा है। मजबूरन ग्रामीण आसमान से बरस से पानी से ही हलक तर कर रहे हैं। बताया कि एक माह पूर्व गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे ठीक नहीं किया गया। अब भारी बारिश के कारण पूरी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लोगों के घरों के अंदर नल सूखे पड़े हैं। कहा कि जब बाहर चारों और पानी ही पानी दिखाई दे रहा है तब भी उन्हें पीने का पानी मुहैया नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होने पर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में राधा बौंठियाल, विमला देवी, गंगा बिष्ट, संगीता रावत, प्रभा देवी, मंजू देवी, रेखा, आनंदी, सरोज, गोदांबरी, चौ. धुरेंद्र सिंह, प्रशांत भारद्वाज, विक्रम सिंह रावत आदि शामिल रहे।
