शॉट सर्किट से अधिवक्ता के घर में लगी आग
रुद्रपुर। शॉट सर्किट से अधिवक्ता के घर में आग लग गई। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से घर का सामान जलकर राख हो गया। शुक्रवार दोपहर अधिवक्ता एमएल विश्वकर्मा जरूरी काम से घर से बाहर गए थे। इस दौरान उनके बच्चे घर पर थे। कुछ देर बाद उन्हें फोन आया कि घर में आग लग गई है। जब तक वह घर पहुंचे, तब तक आग फैल गई थी। मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा होने के साथ ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। फायर ब्रिगेड की टीम सूचना मिलते ही पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई। एक गाड़ी का पानी समाप्त होने पर दूसरी गाड़ी मंगाई गई, तब जाकर आग पर काबू पाया गया। अधिवक्ता विश्वकर्मा ने बताया कि आग शॉट सर्किट होने की वजह से लगी है। आग से फ्रीज, टीवी, सोफा और घरेलू सामान जल गया है। आग इतनी भीषण थी कि दीवार में लगी टाइल्स भी गर्मी से गिरने लगीं। उन्होंने बताया कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
