सेंसर बोर्ड को भंग करने की मांग
हरिद्वार। श्रीचेतन ज्योति आश्रम के अध्यक्ष एवं भारत साधु समाज के प्रवक्ता स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने आदिपुरुष जैसी फिल्मों के निर्माण पर नाराजगी जाहिर की। केंद्र सरकार से सेंसर बोर्ड को भंग करने की मांग की। कहा कि सरकार को तत्काल प्रभाव से सेंसर बोर्ड को भंग कर ऐसी फिल्मों के निर्माण पर रोक लगानी चाहिए। जिससे भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म का उपहास उड़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार लगातार साजिश के तहत सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। जिसे संत समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। स्वामी हरिहरानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, महंत सुतिक्षण मुनि, स्वामी राम, महंत निर्मल दास, महंत श्रवण मुनि, महंत गुरमीत सिंह, मनोज महंत, महंत अरुण दास सहित कई संत महापुरुषों ने इस फिल्म का विरोध किया।
