पिथौरागढ़ में ई-रिक्शा संचालन को बनेगी कार्ययोजना , डीएम ने दिए निर्देश
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर में ई-रिक्शा चलाने की संभावना को लेकर डीएम ने परिवहन विभाग को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अनफिट वाहनों को परिवहन के लिए प्रतिबंधित करने के भी आदेश दिए हैं। शनिवार को वीडियो कांफ्रेसिंग कक्ष में डीएम रीना जोशी की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ समीक्षा हुई। इस दौरान डीएम रीना ने अधिकारियों को जमीनी वाद-विवाद का निस्तारण करने और सड़क निर्माण में आई जमीन का मुआवजा बांटने के आदेश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतें, मजिस्ट्रेटी जांच और लंबित मामलों का जल्द समाधान करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सड़क किनारे पत्थर मिलने पर सामग्री जब्त करने के भी आदेश दिए। दोपहिया वाहनों में स्टंड करने वाले चालकों के डीएल निरस्त करने को भी कहा। डीएम ने एआरटीओ को बाजार में रेंटल बाइक लाने और ई-रिक्शा को चलाने की संभावनाओं को लेकर कार्ययोजना बनाने को कहा। जनपद में ही गाड़ियों के फिटनेस सर्टिफिकेट बनाने और अनफिट वाहनों को परिवहन के लिए प्रतिबंधित करने के भी निर्देश दिए। यहां एडीएम फिंचा राम चौहान, एसडीएम अनुराग आर्या, अनिल शुक्ला, दिवेश शासनी, भगत सिंह फोनिया रहे।
