युवाओं के हाथों में कैसे पहुंच रहे हैं नशे के इंजेक्शन: डीएम
‘
पिथौरागढ़। युवाओं के हाथों में नशे के इंजेक्शन पहुंचने पर हैरानी जताते हुए डीएम ने कहा यह कैसे संभव है। उन्होंने पुलिस को मामले में सजगता दिखाने के आदेश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने एसएसबी और आईटीबीपी को भी पुलिस के साथ युवाओं में बढ़ती नशाखोरी रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाने को कहा। शनिवार को वीसी कक्ष में हुई बैठक में डीएम रीना जोशी ने नशे के कारोबार पर चिंता जताई। उन्होंने नशे से जुड़ी चीजों की खेती को रोकने अधिकारियों को आदेश दिए। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग से आए अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अक्सर यह देखते आ रही हैं कि भाटकोट विद्यालय के बच्चे इधर-उधर बैठे रहते हैं। कहा कि विद्यालय में पढ़ने की जगह बच्चों का ऐसे घूमना ठीक नहीं हैl उन्होंने कहा जिले के सभी विद्यालयों में जहां इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, प्रधानाचार्य से विद्यालयों के दैनिक क्रिया कलापों की जानकारी लें और रिपोर्ट प्रतिदिन उन्हें भेजें। यहां पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान, उप जिलाधिकारी सदर अनुराग आर्य, उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट/बेरीनाग अनिल शुक्ला, उपजिलाधिकारी धारचूला/मुनस्यारी दिवेश सासनी आदि रहे।
