वैवाहिक घर से चोरों ने उड़ाये लाखों के जेवर
चित्रकूट
भरतकूप थाना क्षेत्र के पहडिया गांव में घर के सदस्यों के सोने पर चोर तकरीबन तीन लाख की सम्पत्ति चुरा ले गये। सवेरे घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार के मुखिया ने घटना की सूचना थाने में दी है। पुलिस ने मौके पर जाने की जरुरत नहीं समझी।
चोरी की ये घटना शुक्रवार की रात भरतकूप थाने के पहडिया गांव में हुई। बताया गया कि गांव के भोले सिंह पुत्र हीरा सिंह की पुत्री का विवाह तय था। विवाह के लिए घर में सोने-चांदी के जेवर व अन्य सामग्री रखी थी। चोरों ने रात में मौका पाकर तकरीबन तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिये।
पीड़ित भोेले सिंह ने घटना की सूचना थाने में नामजद दी है। इसके बाद भी भरतकूप थाना पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर से सूटकेश में भरे सोने-चांदी के जेवर निकालकर सूटकेश खेत में फेंक गये हैं। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को तत्काल चोरों को पकडने के निर्देश दिये हैं।
