बीईओऔर शिक्षकों के विवाद का सीईओ निकालेंगे हल
विकासनगर। प्राथमिक शिक्षक संगठन की ओर से खंड शिक्षाधिकारी के खिलाफ खोले गए मोर्चे का शोर देहरादून तक पहुंच गया है। शिक्षकों की ओर से मुख्य शिक्षाधिकारी से शिकायत के बाद सीईओ ने शिक्षकों को आज वार्ता के लिए बुलाया है। सूचना शिक्षकों तक पहुंचाने के लिए इस आशय का निर्देश रविवार को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय से ही जारी किया गया। कालसी ब्लॉक का प्राथमिक शिक्षक संघ समय समय पर खंड शिक्षाधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोलता रहा है। अभी तक ब्लॉक स्तर पर ही सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाता है, लेकिन इस बार शिक्षकों ने सीधे मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में भी अपनी शिकायतें रखी। शिक्षकों ने खंड शिक्षाधिकारी पर मानसिक उत्पीड़न, निजता हनन जैसे गंभीर आरोप लगाए। हालांकि बीईओ शिक्षकों के इन आरोपों को सिरे से नकार चुके हैं। बावजूद इसके सीईओ तक मामला पहुंचने के बाद अब दोनों पक्षों को अपनी बात रखने के लिए सोमवार को बुलाया गया। उधर, बीईओ भुवनेश्वर प्रसाद ने बताया कि उच्च अधिकारी के समक्ष अपनी बात रखने का अधिकार प्रत्येक कर्मचारी को है। इसी के तहत सीईओ ने शिक्षकों को अपनी बात रखने के लिए बुलाया है।
निजी शिक्षण संस्थान से मांगा स्पष्टीकरण: बुद्ध पूर्णिमा के सार्वजनिक अवकाश पर ब्लॉक क्षेत्र में बाड़वाला संकुल के एक आवासीय विद्यालय के संचालन की शिकायत स्थानीय लोगों ने बीईओ कार्यालय में की थी। शिकायत मिलने पर कार्यालय ने संबंधित शिक्षण संस्थान से स्पष्टीकरण तलब किया है। बीईओ वीपी सिंह ने बताया कि सरकार और शासन के नियमों की अवहेलना करने वाले शिक्षण संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
