सुमित्रानंदन पंत की जयंती मनाई जाएगी धूमधाम से
बागेश्वर। 20 मई को गरुड़ में कविवर सुमित्रानंदन पंत की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। काव्य गोष्ठी समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
समाजसेवी भैरव नाथ टम्टा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार गोपाल दत्त भट्ट ने कहा कि कवि पंत प्रकृति के सुकुमार कवि थे। उन्होंने कौसानी का नाम अंतरराष्ट्रीय फलक पर उजागर किया। यह हम सबके लिए गौरव की बात है। इस मौके पर तय किया गया कि 20 मई को सुमित्रानंदन पंत राजकीय महाविद्यालय गरुड़ में पंत जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। कवि पंत पर आधार व्याख्यान होगा, छात्र-छात्राओं के बीच निबंध, चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समापन पर काव्य गोष्ठी भी होगी। संचालन कवि रतन सिंह किरमोलिया ने किया। इस दौरान कवि मोहन जोशी, संतोष तिवारी, नंदन सिंह अल्मिया, गिरीश अधिकारी, रमेश पांडे बृजवासी, रमेश कांडपाल, सीएस बड़सीला, अर्जुन राणा, राम लाल, जीवन दोसाद, गणेश उपाध्याय, मेघ सिंह कोश्यारी, सुंदर बरोलिया, प्रेमा भट्ट आदि मौजूद थे।
