घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय बच्‍चे को गुलदार ने बनाया निवाला, आम के बाग में मिला शव

विकासनगर।  सहसपुर थाना अंतर्गत शंकरपुर मेहमूदनगर में गुलदार घर के आंगन से चार वर्ष के बच्चे को उठा ले गया। सूचना पर सहसपुर की पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जंगल में सर्च आपरेशन चलाया।  बच्‍चे का शव रविवार की सुबह बरामद कर लिया गया। बच्‍चे का शव अरविंद चौहान के आम के बाग से बरामद किया गया। पंचायतनामा की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहसपुर थाने को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम शंकरपुर महमूदनगर में गुलदार एक बच्चे को घर के आगंन से उठा ले गया है। सूचना पर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी, एसएसआइ प्रमोद कुमार मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली।
स्वजन ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे अहसान (चार वर्ष) पुत्र जोशिन निवासी मेहमूदनगर घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान गुलदार बच्चे को उठाकर ले गया। परिवार के सदस्य व ग्रामीण गुलदार के पीछे दौड़े, लेकिन वह आंखों से ओझल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सर्च आपरेशन चलाया।
पिंजरा लगाने पर भी नहीं पकड़ा गया था गुलदार
शंकरपुर हुकुमतपुर क्षेत्र में कुछ माह पहले गुलदार की सक्रियता दिखाई दी थी। जागरण ला कालेज क्षेत्र में घूमता गुलदार सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। उस दौरान गुलदार ने दो कुत्तों को अपना निवाला बनाया था। दीवार पर चलते समय भी गुलदार कैमरे में कैद हुआ था। आबादी के समीप गुलदार की सक्रियता को देखते हुए चौहड़पुर के तत्कालीन रेंजर एडी सिद्दीकी ने पिंजरा लगवाया था, लेकिन गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हुआ था। वन विभाग की टीम को गश्त के दौरान कैंचीवाला क्षेत्र में भी गुलदार दिखाई दिया था। लंबे समय से पिंजरा लगा होने के बाद भी गुलदार के न पकड़े जाने पर वन विभाग की टीम ने पिंजरा हटवा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *