स्कूल के पास दिखा मगरमच्छ
हरिद्वार। क्षेत्र के गांव कटारपुर स्थित एक स्कूल के नजदीक तालाब में मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मंच गया। स्कूली छात्रों ने मगरमच्छ दिखने की सूचना प्रधानाध्यपक को दी। प्रधानाध्यापक की सूचना पर वनप्रभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मगरमच्छ कहीं दिखाई नहीं दिया। मगरमच्छ तालाब के अंदर घुस गया। पूर्व में भी तालाब में कई बार बच्चों को मगरमच्छ दिखाई दे चुका है। बुधवार को गांव कटारपुर स्थित एक सरकारी स्कूल के नजदीक तालाब से एक मगरमच्छ बाहर निकल गया। तालाब के किनारे बने स्कूल के मैदान में बच्चे खेल रहे थे। बच्चों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। मगरमच्छ वापस तालाब में घुस गया। प्रधानाध्यापक अश्वनी शर्मा ने मामले की सूचना वनप्रभाग को दी है। उप वन क्षेत्र अधिकारी पथरी महावीर नेगी ने बताया कि पहले भी मगरमच्छ को पकड़ने के लिए तालाब में जाल लगाया गया था। तालाब में झाड़ खड़े होने के कारण मगरमच्छ पकड़ में नहीं आ रहा है।
