मुरादाबाद में जरूरतमंदों को प्रशासन के कम्युनिटी किचन से बांटे जा रहे फूड पैकेट
मुरादाबाद
कोरोना कर्फ्यू में गरीब,मजदूर और भीख मांगकर पेट भरने वालों को खाना मिल जाए, इसको लेकर प्रशासन ने कम्युनिटी किचेन की शुरूआत की है। इसकी मदद से हर दिन ऐसे जरूरत ढाई हजार लोगों को खाने के पैकेट दिए जा रहे हैं। खाने का सही और समय से वितरण हो जाए इसको लेकर प्रशासन ने तीन जगह किचन शुरू कराए हैं जिससे पूरा शहर कवर हो जाए। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि शासन के निर्देश पर कम्युनिटी किचन को शुरू करवाया गया है।
एक साल पहले लॉकडाउन के चलते गरीब,जरूरतमंदों के लिए प्रशासन के संग कई संगठनों ने बढ़चढ़कर राहगीरों और मुसीबत में फंसे लोगों को खाने के पैकेट की व्यवस्था कराई। ठीक एक साल बाद कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में हालात बिगड़ने की वजह से प्रशासन ने लॉकडाउन लगाया। ऐसे में उन गरीब मजदूर, रिक्शा चालक,भीख मांगने वालों के सामने पेट भरने की दिक्कत होने लगी। जिस पर प्रशासन ने आनन फानन में कम्युनिटी किचन की शुरूआत कर ऐसे लोगों को खाने के पैकेट सुबह और शाम बंटवाने का काम शुरू किया। एडीएम फाइनेंस प्रीति जायसवाल की देखरेख में शुरू हुए इस काम में तहसील और प्रशासन के स्टाफ की मदद से वितरण का काम कराया जा रहा है। कम्युनिटी किचेन की वितरण व्यवस्था की देखरेख में लगे नावेद सिद्दीकी ने बताया कि लाइनपार,स्टेशनरोड और रामपुर दोराहे के पास किचन बनाए गए हैं इन तीनों स्थानों पर बने पैकेट की सप्लाई शहर भर वितरित कराई जा रही है। इसमें सुबह के समय में डेढ़ हजार और शाम को एक हजार पैकेट रोजाना वितरित कराए जा रहे हैं।
