सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध हालात में कंपनी परिसर में फंदे से लटककर मौत

 

रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत सुरक्षागार्ड की संदिग्ध हालात में कंपनी परिसर में ही फांसी के फंदे से लटकरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिथौरागढ़ निवासी सुरक्षा गार्ड यहां किराये पर रहकर नौकरी करता था। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मान रही है। जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र के हाकिलारण गांव निवासी दान सिंह धामी(48)पुत्र जीत सिंह धामी बीते एक साल से यहां सिडकुल की एक कंपनी में बतौर सुरक्षा गार्ड पद पर तैनात थे। वह ट्रांजिटकैंप में एक किराए के मकान में रहता थे। शनिवार को वह रोज की तरह शाम छह बजे ड्यूटी के लिए निकले थे। रविवार सुबह छह बजे कंपनी परिसर में बने रहे एक स्टोर में दूसरे गार्ड ने उन्हें फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। गार्ड ने सूचना कंपनी के प्रबंधक राजीव को दी। इस पर कंपनी प्रबंधक ने तुरंत पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गार्ड की मौत की सूचना से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिजनों का कहना है कि दान सिंह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। वहीं कम्पनी के प्रबंधक राजीव ने बताया कि दान सिंह सरल व सुलझे हुए व्यक्ति थे। कम्पनी में उन्होंने फांसी लगाई है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस तरह का कदम उठाए जाने से वे काफी सदमे में हैं। इस दुःख की घड़ी में कम्पनी और प्रबंधन दान सिंह के परिवार के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *