जैगुआर फाउंडेशन ने भारतीय पैरालंपियन सुमित अंतिल को समर्थन देने की घोषणा की
नयी दिल्ली ।
जैगुआर ग्रुप की जैगुआर फाउंडेशन ने पैरालंपिक खेलों 2024 के लिए प्रशिक्षण और उपकरण के लिए भारतीय पैरालंपिक एथलीट सुमित अंतिल को लगातार समर्थन देने की घोषणा की है।
कंपनी ने अंतिल और उनके जैसे हजारों अन्य युवा एथलीटों को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह घोषणा की है, जो भारत को विश्व खेल के नक्शे पर चमकाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सुमित ने कल समाप्त हुए टोक्यो पैरालंपिक खेलों 2020 में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीता है।
जैगुआर फाउंडेशन की ओर से सुमित को अंतरराष्ट्रीय मानक के कृत्रिम पैर, एक विश्व स्तरीय भाला फेंक इकाई, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार आवश्यक संख्या में भाले शामिल हैं, आवश्यकतानुसार घरेलू या विदेश में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ कोचों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम प्रशिक्षण और विशेषज्ञ आहार विशेषज्ञ के निर्देशानुसार सर्वोत्तम गुणवत्ता वाला आहार और पूरक चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी।
जैगुआर फाउंडेशन के प्रमुख कंवर शमशेर रेलन ने इस घोषणा पर कहा, सुमित ने हाल ही में देश को जो सम्मान दिया है वह सिर्फ शुरुआत है जो दिखाती है कि भारत का खेलों में दबदबा बढ़ रहा है। इस साल जैगुआर ने भारत के सबसे प्रेरक पैरालिंपियंस में से एक सुमित अंतिल को अपना समर्थन दिया है जो न केवल यह सुनिश्चित करेगा कि उन्हें विश्व स्तरीय सुविधाएं और उपकरण उपलब्ध हों, बल्कि अन्य इच्छुक एथलीटों को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
सुमित ने इस पर कहा, मैं जैगुआर फाउंडेशन के लिए आगे आने और आने वाले चार वर्षों के लिए अपना समर्थन देने के लिए उनका आभारी हूं। अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाएं, उपकरण और प्रशिक्षण मुझे पैरालिंपिक 2024 के लिए अपने लक्ष्य की दिशा में काम करने में मदद करेगा जो राष्ट्र को और अधिक गौरव और पहचान दिलाएगा। मुझे उम्मीद है कि यह पहल हम जैसे एथलीटों के लिए और समर्थन को बढ़ावा देगी।
