पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा प्लास्टिक कचरा: शर्मा
देहरादून। शहर में नदी नालों, सार्वजनिक जगहों पर जगह-जगह डंप हो रहा प्लास्टिक कूड़ा पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। दून में रिस्पना और बिंदाल नदी में कूड़ा डंप करने पर रोक लगाने की शुरुआत लोगों को खुद से करनी होगी, ताकि दून की आबो हवा पर बुरा असर न पड़े। यह बात यूसर्क के वरिष्ठ वैज्ञानिक और पर्यावरण गतिविधि के महानगर उत्तर के संयोजक व प्रांत सहप्रमुख जल उपक्रम डॉ. भवतोष शर्मा ने संयुक्त सफाई अभियान के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करने के दौरान कही। पर्यावरण गतिविधि के उत्तर और दक्षिण महानगर संगठनों, नगर निगम देहरादून, वेस्ट वारियर संस्था, मिशन क्लीन दून, पराशक्ति संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय देहरादून में शामिल सदस्यों, छात्रों ने रविवार को रिस्पना फ्लाईओवर के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान करीब पांच कुंतल कूड़ा एकत्रित किया गया। वक्ताओं ने प्लास्टिक वेस्ट से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर चिंता जताई। पर्यावरण गतिविधि महानगर देहरादून दक्षिण के संयोजक व प्रांत सहप्रमुख कचरा प्रबंधन उपक्रम जगदम्बा नौटियाल ने एक पेड़ राष्ट्र के नाम अभियान के बारे में जानकारी दी। इस दौरान ग्राफिक एरा विवि के से रमेश रावत, ओसीनिका भट्ट, जय सिंह, जौना, सिद्धार्थ, राजेश्वरी सेमवाल, दीपा जोशी, राम स्वरूप डबराल, भगवती प्रसाद नौटियाल, सौरभ चौधरी, दिनेश सिंह आदि मौजूद थे।
