जनता दरबार में विधायक चौहान ने सुनी जन समस्याएं
विकासनगर। दिनकर विहार स्थित कैंप कार्यालय में लगे जनता दरबार में विधायक मुन्ना चौहान ने विधान सभा क्षेत्र के गांवों और शहरों से आए ग्रामीणों की समस्याओं को सुनी। अधिकांश समस्याओं के निस्तारण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। आम जनता ने विधायक के सामने सड़क, पेयजल, बिजली, पानी, सिंचाई, स्वास्थ्य सुविधा से संबंधित समस्याओं को रखा। जनता दरबार में बिन्हार क्षेत्र से आए ग्रामीणों ने बताया कि लांघा-मटोगी मोटर मार्ग की हालत लंबे समय से जर्जर हो रखी है। बिन्हार क्षेत्र के करीब एक दर्जन मजरों को यातायात की सुविधा मुहैया कराने वाले इस मार्ग पर सफर करने के दौरान हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लांघा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि अक्सर गांवों में लो वोल्टेज की समस्या रहती है। रूद्रपुर के प्रताप सिंह, मेहरबान सिंह ने कहा कि क्षेत्र में नशे का कारोबार बढ़ रहा है। बाजार से लगे जंगलों में नशेड़ियों का अड्डा बना रहता है, जिससे ग्रामीण महिलाएं चारा पत्ती के लिए जंगल में जाने से भी कतराती रहती हैं। बाड़वाला से आए ग्रामीणों ने बताया कि अश्वमेघ यज्ञ वेदी स्थल के सौंदर्यीकरण के बीते दो साल से आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अभी तक सौंदर्यीकरण कार्य शुरु नहीं किया गया है। यज्ञ वेदी स्थल तक पहुंच मार्ग का भी निर्माण नहीं किया गया है। कहा कि ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यीकरण और प्रचार प्रसार से होने से क्षेत्र में पर्यटन उद्योग विकसित होगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसके साथ ही जनता दरबार में आए नागरिकों ने मुख्यमंत्री राहत कोर्स से आर्थिक सहायता मुहैया कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग भी विधायक से की। विधायक ने अधिकांश समस्याओं के निस्तारण के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि नियत समय में समाधान नहीं होने पर कैंप कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह, नीरज ठाकुर, रोशन नेगी, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
