निर्धन छात्राओं को आर्थिक सहायता मुहैया कराएगा सैनी समाज
विकासनगर। पछुवादून सैनी महासभा की विकासनगर में संपन्न हुई बैठक में सैनी समाज को संगठित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही महासभा ने सैनी समाज से ताल्लुक रखने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया।विकासनगर में रविवार को एक निजी आवास पर संपन्न हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सुरेश सैनी ने कहा कि सैनी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। महाराजा शूर सैनी ने सामाजिक कार्यों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। कहा महाराजा शूर सैनी पूरे सैनी समाज के लिए सर्वकालिक प्रेरणा स्रोत हैं, उनके आदर्शों पर चलना सैनी समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कहा कि इसी दायित्व को निभाने लिए समाज की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग की बालिकाओं की पढ़ाई के लिए उन्हें आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। अखिल भारतीय सैनी महासभा के सदस्य अनमोल सैनी ने कहा कि क्षेत्र को नशा मुक्त करने के लिए भी अभियान चलाया जाना जरूरी है। इसके तहत गांवों, कस्बों में कैंप लगाकर नशे गिरफ्त में आ चुके युवाओं की काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही नशे का करोबार करने वालों को पुलिस के हवाले किया जाएगा। बैठक के समापन पर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सेवाराम सैनी को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. रविंद्र सैनी, डॉ. रमेश सैनी, संजय सैनी, रामनाथ सैनी, प्रदीप सैनी, विश्वंबर सैनी आदि मौजूद रहे।
