भाजपा के नफरत के विष का इलाज साबित हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा  : माहरा

विकासनगर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से शुरू की गई हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भारतीय जनता पार्टी और भाजपा की डबल इंजन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि धर्म के सहारे नफरत फैलाकर भाजपा देश का माहौल खराब कर रही है, लेकिन कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा भाजपा के इस विष का इलाज साबित हुई। यात्रा तिलक भवन से शुरू होकर हरबर्टपुर पुलिस चौकी पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने जनता से भी सीधा संवाद किया। यात्रा में शामिल होने से पूर्व तिलक भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि राजनैतिक रोटियां सेंककर भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में लोगों के बीच धर्म के आधार पर वैमनस्यता पैदा कर नफरत का विष भर दिया है। लंबे समय से भारत इस विष के खतरनाक प्रभाव से कमजोर होता जा रहा था, लेकिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने इस जहर के असर को बहुत कम कर दिया है। उन्हानें कहा कि भाजपा की राजनीति इतनी घृणित है कि कांग्रेस और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में भ्रामक प्रचार करने के लिए ही हजारों करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। भाजपा ने अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिए लगातार सनातन धर्म और देश को बदनाम किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का संदेश पूरे देश में पहुंचाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के माध्यम से इस देश में अमन चैन की बहाली और नफरत को खत्म करने का काम कांग्रेस कर रही है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि अंकिता भंडारी के मुद्दे पर सरकार हत्यारों को बचाने का काम कर रही है। अपने हक की जंग लड़ रहे बेरोजगारों पर फर्जी मुकदमें दायर कर उनका उत्पीड़न किया रहा है। किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं, मजदूरों को और इनके साथ साथ समाज के हर वर्ग को अपने अधिकारों की जंग लड़नी पड़ रही है। लेकिन सरकार कान में रूई डाल कर बैठी हुई है और धर्म के आधार पर लोगों को बांटकर राजनीति कर रही है। अडानी जैसे पूंजीपतियों को और अमीर बनाने के साथ ही देश के आम आदमी को और गरीब बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। भाजपा के इस षडयंत्र से देश को बचाने के लिए कांग्रेस ही जरूरी है का अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *