12 मार्च को दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होंगे पूर्व सैनिक
रुद्रपुर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में पूर्व सैनिक लीग की बैठक का आयोजन हुआ। इसमें सैनिक लीग के पदाधिकारियों ने वन रैंक, वन पेंशन-2 की विसंगतियों के बारे में जानकारी के साथ एक ठोस निर्णय लेने के बारे में विचार-विमर्श किया। सोमवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों ने ईसीएचएस के प्रभारी के पिता के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि देते हुए बैठक कि शुरुआत की। इसके बाद पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में वन रैंक वन पेंशन को लेकर बनी कमेटियों को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। सैनिकों की पेंशन में हो रही कटौतियां भी बढ़ गई हैं। इसको लेकर 12 मार्च को जंतर-मंतर दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन होगा। इसमें यूएस नगर से 50 पूर्व सैनिक धरना-प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली को रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर के सभी साथियों के साथ जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके अलावा क्षेत्रीय विधायकों से जिलास्तर पर सैनिक मिलन केंद्र बनाने को लेकर भी विचार किया गया। ताकि सैनिकों को बैठक और पारिवारिक मिलन के लिए स्थायी जगह मिल सके। इस दौरान लीग के अध्यक्ष सूबेदार देवी दत्त उपाध्याय, कैप्टन कल्याण सिंह, कर्नल रुद्र प्रताप सिंह (सेनि.), सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की (सेनि.), कैप्टन रामप्रताप रिखारी (सेनि.), महासचिव गिरधर सिंह, सूबेदार कल्याण सिंह (सेनि.), कैप्टन मोहन चंद जोशी (सेनि.) आदि मौजूद रहे।
