बैंक मैनेजर के वेतन पर डीएम ने लगाई रोक

पौड़ी। जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में सीडी रेश्यो की खराब स्थिति पर डीएम ने इंडसइंड बैंक के शाखा प्रबंधक के वेतन आहरण पर रोक की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि सीडी रेश्यो में सुधार के बाद ही वेतन आहरित किया जाएगा। इतना ही नहीं डीएम ने कम सीडी रेश्यो पाये जाने पर लीड बैंक एसबीआई समेत अन्य बैंको का स्पष्टीकरण भी तलब किया है।
डीएलआरसी व डीसीसी की समीक्षा करते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने इंडसइंड बैंक के करीब 132 करोड़ के डिपॉजिट के सापेक्ष महज 3 लाख के क्रेडिट पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बैंक के इतने कम सीडी रेश्यो पर बैंक के शाखा प्रबंधक के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिये हैं। डीएम ने कहा कि इस संबंध में एसएलबीसी से पत्राचार किया जाएगा। साथ ही डीएम ने सख्त हिदायत भी दी कि सीडी रेश्यो में सुधार होने के बाद ही मैनेजर का वेतन आहरित किया जाएगा।
बैंकर्स की समीक्षा करते हुए डीएम ने पाया कि लीड बैंक एसबीआई, पीएनबी व सीबीआई समेत अधिकतर बैंकों का ऋण जमा अनुपात 20 की अंक को भी नहीं छू पा रहा है। जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने एसबीआई, पीएनबी, सीबीआई के साथ ही कम प्रगति वाले बैंक प्रबंधकों का स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम ने अग्रणी बैंक अधिकारी को यमकेश्वर क्षेत्र में गुर्जरों के लिए वित्तीय साक्षरता कैंप, आधार कार्ड बनाने, बैंक खाते खुलवाने के लिए मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए डीएम ने संबंधित बीडीओ से समन्वय बनाकर गुर्जरों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने वार्षिक क्रेडिट प्लान में कृषि विभाग को अपनी गतिविधियों में भी सुधारने लाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अपूर्वा पांडे, सीवीओ डा. डीएस बिष्ट, एलडीएम अनिल कटारिया, डीडीएम नाबार्ड भुपेंद्र सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *